भिवानी | हरियाणा में फरवरी खत्म होते-होते गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दोपहर के समय लोगों को अप्रैल जैसी तपिश महसूस हो रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार भिवानी में 31.0°C, नूंह में 30.9°C, महेंद्रगढ़ में 30.3°C, गुरुग्राम में 30.2°C और नारनौल में 30.2°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा हिसार और अन्य क्षेत्रों में भी पारा 30 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। लगातार बढ़ती गर्मी से लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ने लगा है।
तापमान में यह बढ़ोतरी गेहूं की फसल के लिए मिश्रित संकेत दे रही है। इस समय फसल बालियां निकलने और दाने भरने की अवस्था में है। विशेषज्ञों के मुताबिक रात का तापमान बढ़ने से पौधों की श्वसन क्रिया तेज होती है, जिससे ऊर्जा की खपत बढ़ती है और दानों के वजन पर असर पड़ सकता है। ऐसे में किसानों को खेतों में पर्याप्त नमी बनाए रखने के लिए हल्की सिंचाई करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने 28 फरवरी को प्रदेश में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। फिलहाल आने वाले दिनों में गर्मी से तत्काल राहत के आसार कम दिखाई दे रहे हैं।





