चंडीगढ़। हरियाणा में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। बीती रात से प्रदेश के कई जिलों में बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है। भिवानी, हिसार, हांसी, सिरसा, रेवाड़ी, झज्जर सहित आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई, जबकि तेज हवाओं के चलते लोगों को सर्दी का ज्यादा अहसास हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, प्रदेश के 13 जिलों में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। इनमें अंबाला, हिसार, रोहतक, भिवानी, सिरसा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, जींद, करनाल, महेंद्रगढ़, नूंह, पानीपत और सोनीपत शामिल हैं।
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रोहतक में 27.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने बताया कि 16 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक असर प्रदेश में देखने को मिल सकता है। इसके चलते 16 फरवरी की रात और 17 फरवरी को आसमान में आंशिक बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। फिलहाल प्रदेशवासियों को राहत मिलने के बजाय ठंड का असर कुछ दिनों तक और बने रहने की उम्मीद है।







