Home Haryana हरियाणा में आयुष सेवाओं का विस्तार, 26 नए केंद्र खुलेंगे

हरियाणा में आयुष सेवाओं का विस्तार, 26 नए केंद्र खुलेंगे

3
0

चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने राज्य में राजकीय आयुष औषधालय खोलने का बड़ा फैसला लिया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि इन औषधालयों के माध्यम से प्रदेशवासियों को सुरक्षित, सस्ता और सुलभ पारंपरिक उपचार उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे एक स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र बनाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फिलहाल पांच जिलों में 26 आयुष औषधालय खोलने की मंजूरी दे दी है। शेष जिलों में भी जल्द मैपिंग कर इनकी स्थापना की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि हरियाणा के लोग गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और सस्ती दवाओं का लाभ ले सकें। इन औषधालयों के जरिए ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में भी आयुर्वेदिक और प्राकृतिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

फिलहाल यह औषधालय रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, करनाल, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर जिलों के 26 गांवों में खोले जाएंगे। रेवाड़ी जिले में लिसान, करवारा, मानकपुर, रोहड़ाई, जयसिंहपुरा और झाबुवा, महेंद्रगढ़ जिले में सुरजनवास, गुढा बुचावास, बावनिया, रामबास और रसूलपुर, करनाल जिले में फफड़ाना, कुरुक्षेत्र जिले में अजराना कला, कालसा, नलवी और मोहरी तथा यमुनानगर जिले में महियुद्दीनपुर, रतनगढ़, भांगड़ा, तलकपुर, खुर्दबन, ताजेवाला, हड़ौली, लेडी, कोट बासवा सिंह और डारपुर में औषधालय खोले जाएंगे।

आरती राव ने बताया कि राज्य में आयुष सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है और इसी के तहत कुरुक्षेत्र में आयुष विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और जनता की स्वास्थ्य सेवा में वास्तविक सुधार हो।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here