चंडीगढ़। हरियाणा में आज से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने सूबे में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई है। इसके चलते पूरे राज्य में कोहरे और शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल और अंबाला में कोल्ड-डे की स्थिति बनी हुई है। बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
हिसार में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री तक
हिसार में तापमान 0.2 डिग्री तक पहुंच गया है, जो पिछले 15 वर्षों में पांचवीं बार रिकॉर्ड किया गया है। इसने पिछले 2 साल का न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। 2025 में 15 जनवरी को हिसार में तापमान 3.5 डिग्री दर्ज हुआ था, जबकि 2024 में 16 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री था। नारनौल में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री, जींद के पांडु पिंडारा में 2.6 डिग्री और सिरसा में 2.9 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने चेताया है कि 17 और 18 जनवरी को ठंड में थोड़ी कमी आ सकती है। अधिकांश जिलों में इन दिनों कोल्ड की कोई विशेष चेतावनी नहीं रहेगी।
आगामी पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ 16 और 19 जनवरी को हरियाणा में सक्रिय हो सकता है। इससे मौसम में बदलाव बना रहेगा और 17 व 18 जनवरी को कुछ जगहों पर बूंदाबांदी होने की संभावना है। वहीं, 19 जनवरी के बाद भी कई जिलों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने आम जनता से सर्दी और कोहरे के दौरान सड़क व यात्रा में सावधानी बरतने की अपील की है।







