पंचकूला | पंचकूला के सेक्टर-4 एमडीसी क्षेत्र में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल कुलवंत सिंह मान (83) का निधन हो गया। वह सुबह अपने आवास के पास सैर कर रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना साकेत्री रोड पर भाजपा कार्यालय के समीप डॉल्फिन चौक की ओर जाने वाली सड़क पर हुई। टक्कर के बाद राहगीरों ने कुलवंत सिंह मान को गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा देखा और तुरंत कमांड अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एमडीसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। विशेष रूप से नजदीकी पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों के कनाडा से पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया भी जारी है। माता मनसा देवी थाना पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि लेफ्टिनेंट जनरल कुलवंत सिंह मान का परिवार सैन्य परंपराओं से जुड़ा रहा है। उनके एक पुत्र कनाडा में पुलिस अधिकारी के रूप में सेवारत हैं, जबकि दूसरे पुत्र भारतीय सेना में कर्नल के पद पर कार्यरत हैं। उनका परिवार मूल रूप से बठिंडा का निवासी है और तीन पीढ़ियां देश की सेवा में समर्पित रही हैं।







