सिरसा | हरियाणा में शीतलहर का असर लगातार बढ़ रहा है। राज्य के कई हिस्सों में दिन का तापमान भी रात जैसी ठंड में बदल गया है। राजस्थान से सटे और मध्य हरियाणा के जिलों में कोल्ड वेव के चलते लोग दिनभर कंपकंपा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 10 जनवरी तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
आज इन जिलों में कोल्ड डे की चेतावनी
आज सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नूंह और पलवल में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई है। वहीं कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत और अंबाला में कोहरे और धुंध के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पिछले तीन दिनों से चल रही ठंडी हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में कोहरा कम हुआ है। नारनौल जिले में बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4°C से 6°C तक नीचे गिर गया, जिससे दिन के समय भी अधिक ठंड महसूस हुई।
ठंड से बचाव के लिए जरूरी सलाह
हरियाणा सरकार ने ठंड से सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी की है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तायुक्त एवं गृह सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि सभी विभागों को मिलकर काम करने का निर्देश दिया गया है।
- लोगों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम की जानकारी नियमित रूप से देखें।
- गर्म कपड़े, दवाइयां और आवश्यक सामान पहले से तैयार रखें।







