पानीपत | हरियाणा के पानीपत जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों को उजाड़ दिया। सनौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सनौली–नवादा मार्ग पर मंगलवार देर रात तेज रफ्तार हाइड्रा मशीन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी बाल-बाल बच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कैराना क्षेत्र के दभेड़ी खुर्द गांव निवासी प्रमोद (28), कौसर (29) और देवेंद्र (30) पानीपत के राणा माजरा इलाके में गन्ने की छिलाई का ठेका लेकर काम कर रहे थे। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे तीनों मजदूर एक ही बाइक से काम समाप्त कर अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में नवादा गांव के पास प्रमोद और कौसर लघुशंका के लिए बाइक से नीचे उतरे।
इसी दौरान तेज गति से आ रही हाइड्रा मशीन ने दोनों मजदूरों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि प्रमोद और कौसर की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक के पास खड़े देवेंद्र ने स्थिति भांपते हुए दौड़ लगाकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद हाइड्रा चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। हादसे की खबर से मृतकों के गांव दभेड़ी खुर्द में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।







