चंडीगढ़ | पंचकूला मैट्रोपॉलिटन डिवैल्पमैंट अथॉरिटी (पी.एम.डी.ए.) ने शहरवासियों के लिए नए साल की शुरुआत को खास बनाने के लिए दो महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की घोषणा की है। इन परियोजनाओं में घग्गर पुल का निर्माण और सैक्टर-3/21 रोड पर जलधाराओं का सौंदर्यीकरण शामिल है।
घग्गर पुल परियोजना की अनुमानित लागत 32.50 करोड़ रुपए है, जबकि पंचकूला शहर से गुजरने वाली दो जल धाराओं के सौंदर्यीकरण पर 95.42 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। जलधाराओं में माता मनसा देवी मंदिर से राजीव-इंदिरा कालोनी होते हुए पंजाब सीमा तक (लंबाई 5.60 किमी) और सैक्टर-1 से इंडस्ट्रियल एरिया होते हुए पंजाब सीमा तक सिंह नाला चौ (लंबाई 5.30 किमी) शामिल हैं।
पी.एम.डी.ए. के प्रवक्ता ने बताया कि दोनों परियोजनाओं के टेंडर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई ‘हाई-पावर्ड परचेज कमेटी’ की बैठक में स्वीकृत किए गए। ये पहलें पंचकूला के निवासियों और विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को ध्यान में रखते हुए मंजूर की गई हैं।
पी.एम.डी.ए. के सी.ई.ओ. के.एम. पांडुरंग ने व्यक्तिगत रूप से इन परियोजनाओं की स्वीकृति सुनिश्चित की ताकि शहरवासियों को बेहतर यातायात सुविधाएं, सुरक्षित पुल और सुगम जलधारा क्षेत्र उपलब्ध हो सके।
पंचकूला शहरवासियों को उम्मीद है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि यातायात और जल प्रबंधन में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।







