पंचकूला | प्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हाड़ कंपाने वाली सर्दी के साथ घने कोहरे का दौर शुरू हो चुका है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे के और तेज होने की चेतावनी जारी की है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हरियाणा के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 12 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक कोहरा छाए रहने और सूखी ठंड में बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे सुबह और रात के समय दृश्यता कम रह सकती है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत के साथ गुरुग्राम और फरीदाबाद शामिल हैं। वहीं सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पलवल और नूंह में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को प्रदेश में पलवल में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया, जबकि नारनौल में न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा। ठंड और कोहरे के चलते सड़क और रेल यातायात पर भी असर देखने को मिल रहा है।
IMD के अनुसार 29 दिसंबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से नए साल 2026 के पहले सप्ताह में हरियाणा के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।







