Home Haryana एशियन यूथ गेम्स में कबड्डी में स्वर्ण जीतने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों...

एशियन यूथ गेम्स में कबड्डी में स्वर्ण जीतने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों का मुख्यमंत्री ने किया अभिनंदन

32
0

Chandigarh,14 December-:हरियाणा के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का परचम लहराया है। बहरीन में आयोजित एशियन यूथ गेम्स-2025 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम में शामिल हरियाणा के खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास संत कबीर कुटीर में एशियन यूथ गेम्स-2025 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम में शामिल हरियाणा के खिलाड़ियों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टीम के कप्तान ईशांत राठी सहित सभी खिलाड़ियों को ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी।मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और हरियाणा का नाम रोशन करने वाले इन युवा खिलाड़ियों से मिलना उनके लिए गर्व और प्रसन्नता का क्षण है।उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक खेल प्रतियोगिता की उपलब्धि नहीं है,बल्कि यह हरियाणा की खेल संस्कृति,गांवों से निकलने वाली प्रतिभा,अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के कोच और प्रशिक्षकों की भूमिका की भी सराहना की।उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन,रणनीति और निरंतर मेहनत अहम भूमिका निभाती है।पर्दे के पीछे रहकर किया गया उनका परिश्रम ही खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्वर्णिम जीत से प्रदेश के युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी।गांवों और कस्बों में खेल के मैदानों पर अभ्यास कर रहे हजारों बच्चे अब इन खिलाड़ियों को अपना आदर्श मानकर आगे बढ़ेंगे।इन खिलाड़ियों की यात्रा यह संदेश देती है कि कड़ी मेहनत,अनुशासन और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें बधाई दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here