हिसार | हरियाणा में एक बार फिर घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया है। प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर 10 मीटर तक पहुंच गई। हालांकि मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन कोहरे की तीव्रता में बढ़ोतरी देखी गई है। इस बीच अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। रविवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस चरखी दादरी में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने सोमवार को हरियाणा के 15 जिलों के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। हिसार, कैथल, गुरुग्राम, फतेहाबाद, सोनीपत, फरीदाबाद, नूंह और झज्जर समेत कई इलाकों में कोहरे का व्यापक असर देखने को मिला, जहां दृश्यता 5 से 20 मीटर के बीच रही।
बीते दिनों कोहरे के कारण सड़क हादसों में इजाफा हुआ है। कई जिलों में दुर्घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें एक स्कूली छात्रा सहित कई लोगों की मौत की खबर है। प्रशासन और मौसम विभाग ने वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 20 दिसंबर तक मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि इस दौरान आंशिक बादल और धुंध का असर बना रह सकता है। वहीं 18 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते 18 से 20 दिसंबर के बीच कुछ इलाकों में बादल छाने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। वातावरण में नमी बढ़ने से कई क्षेत्रों में धुंध और कोहरे का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है।







