कैथल | कुतुबपुर रेलवे फाटक के पास गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 18 वर्षीय आशु के रूप में हुई है, जो मजदूरी का काम करता था। मौके पर पहुंची सिटी थाना पुलिस, CIA और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से प्राथमिक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के मुताबिक, शव पर चोट के निशान मिले हैं और वहीं से एक चाकू भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है।
परिजनों ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे आशु को उसके कुछ दोस्तों ने फोन कर बाहर बुलाया था। इसके बाद सुबह 9 बजे परिवार को जानकारी मिली कि वह घायल पड़ा है। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक आशु की मौत हो चुकी थी। परिवार ने आशु के दोस्तों पर हत्या का संदेह जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एक महिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव पर चोटों के निशान हैं और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मृतक के दोस्तों की तलाश शुरू कर दी है।







