Home Haryana सम्राट राणा का करनाल में शाही अंदाज़ में स्वागत, मिस्र में रचा...

सम्राट राणा का करनाल में शाही अंदाज़ में स्वागत, मिस्र में रचा नया इतिहास—दो गोल्ड व एक सिल्वर अपने नाम

37
0
Karnal, 16 November-:मिस्र के काहिरा में आयोजित आईएसएसएफ सीनियर विश्व चैंपियनशिप में देश का नाम रोशन कर लौटे करनाल के युवा शूटर सम्राट राणा का शनिवार को करनाल पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। राजपूत धर्मशाला में हुए इस स्वागत समारोह में स्थानीय लोगों, खेल प्रेमियों और परिजनों ने सम्राट पर फूलों की बारिश कर उनका मनोबल बढ़ाया।

सम्राट राणा ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। फाइनल मुकाबले में उन्होंने 243.7 अंक दर्ज कर चीन के हू काई को पीछे छोड़ा, जिन्हें 243.3 अंक के साथ रजत से संतोष करना पड़ा। इतना ही नहीं, सम्राट ने इस चैंपियनशिप में कुल तीन पदक—दो गोल्ड और एक सिल्वर—जीतकर भारतीय निशानेबाजी इतिहास में नई उपलब्धि जोड़ दी।अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए सम्राट राणा ने कहा कि उन्हें इस बात का गर्व है कि उन्होंने देश, गांव और परिवार को गौरवान्वित किया है। उन्होंने बताया कि यह उनकी पहली सीनियर विश्व चैंपियनशिप थी और उन्होंने हर शॉट में संयम और आत्मविश्वास बनाए रखा। सम्राट ने कहा कि उनकी जीत सिर्फ उनकी नहीं बल्कि पूरे भारत की जीत है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि वह भारत के पहले एयर पिस्टल विश्व चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त कर चुके हैं।अपने आने वाले लक्ष्यों पर बात करते हुए सम्राट ने कहा कि अब वह दोहा में होने वाले आईएसएसएफ वर्ल्ड कप फाइनल की तैयारियों में जुट जाएंगे। इसके बाद उनका ध्यान अगले वर्ष जापान में होने वाले एशियाई खेलों पर रहेगा, जहां ओलंपिक क्वालिफिकेशन की प्रक्रिया शुरू होगी।

सम्राट राणा के चाचा संदीप कुमार ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह पल सिर्फ उनके परिवार नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि 10 मीटर एयर पिस्टल में भारत का लंबे समय से विश्व विजेता के रूप में नाम शामिल नहीं था, लेकिन सम्राट ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने हरियाणा सरकार से आग्रह किया कि सम्राट को सभी आवश्यक सुविधाएं और समर्थन उपलब्ध कराया जाए ताकि वे और भी खिलाड़ियों को मार्गदर्शन दे सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here