सोनीपत | सोनीपत पुलिस ने गरीब मजदूरों की आजीविका छीनने वाले ई-रिक्शा चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों से अब तक करीब 20 ई-रिक्शा चोरी कर चुके थे, जिन्हें वे अपने ऐशो-आराम और मौज-मस्ती के लिए बेचते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद शाहनवाज, सौरव जा और दीपक शामिल हैं। इनमें से शाहनवाज मूल रूप से औरैया (बिहार) का रहने वाला है और सोनीपत के पटेल नगर में किराये पर रह रहा था। पुलिस के अनुसार वही इस गिरोह का सरगना है और रात के समय शहर में घूमकर ई-रिक्शा चोरी करता था। चोरी किए गए रिक्शा दिल्ली में सौरव और दीपक को बेच दिए जाते थे, जो उन्हें आगे खरीद-फरोख्त में लगाते थे। तीनों पर पहले भी चोरी के मामले दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों से अब तक चोरी की गई 20 में से 10 ई-रिक्शा बरामद कर ली हैं। डीसीपी नरेंद्र कादयान ने बताया कि गिरोह लंबे समय से सोनीपत शहर में सक्रिय था और गरीब ई-रिक्शा चालकों को लगातार नुकसान पहुंचा रहा था। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि अन्य वारदातों का खुलासा हो सके।
पुलिस का कहना है कि शहर में ई-रिक्शा चोरी के मामलों को लेकर विशेष टीम बनाई गई थी, जिसकी सक्रियता से गिरोह का भंडाफोड़ किया जा सका। प्रशासन का दावा है कि आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







