Home Crime रोहतक में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पर दहेज हत्या का आरोप

रोहतक में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पर दहेज हत्या का आरोप

104
0

रोहतक। शहर के आर्य नगर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला की शादी को अभी तीन महीने ही हुए थे। मृतका का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, मृतका संजीता की शादी इसी साल जून में कोलकाता निवासी नजमुद्दीन से हुई थी। दोनों फिलहाल रोहतक के आर्य नगर इलाके में रह रहे थे। शनिवार सुबह उन्हें कोलकाता लौटना था और टिकट बुक करवाने की तैयारी चल रही थी। मृतका के पिता अशरफ अली ने बताया कि टिकट के लिए बहू के आधार कार्ड की जरूरत थी। जब वह कार्ड लेने के लिए कमरे में पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला।

काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिलने पर परिवार ने दरवाजा तोड़ा, तो संजीता फंदे से लटकी मिली। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, घटना के समय पति नजमुद्दीन सुबह करीब साढ़े आठ बजे काम पर गया हुआ था। वह पास ही स्थित सुनार गली में निजी काम करता है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here