Home Crime मोनाड विश्वविद्यालय घोटाला: ईडी की तीसरे दिन 16 ठिकानों पर छापेमारी

मोनाड विश्वविद्यालय घोटाला: ईडी की तीसरे दिन 16 ठिकानों पर छापेमारी

109
0

मोनाड । मोनाड विश्वविद्यालय में फर्जी डिग्री और मार्कशीट घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। यह छापेमारी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा के कुल 16 ठिकानों पर की जा रही है, जहां करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन के सुराग मिलने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, ईडी को जांच के दौरान कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत मिले हैं, जो इस घोटाले के वित्तीय नेटवर्क की परतें खोल सकते हैं। इस पूरे मामले में मोनाड विश्वविद्यालय के चेयरमैन विजेंद्र सिंह हुड्डा को मुख्य आरोपी बनाया गया है। हुड्डा पर आरोप है कि उन्होंने फर्जी डिग्रियां बेचकर करोड़ों रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग की और इन पैसों को शेल कंपनियों और नकली दाखिलों के जरिये घुमाया।

ईडी की यह छापेमारी प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत की जा रही है। टीम ने हापुड़ स्थित विश्वविद्यालय परिसर के अलावा मेरठ, उन्नाव के सरस्वती मेडिकल कॉलेज, दिल्ली, फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोनीपत में भी तलाशी अभियान चलाया।

गुरुवार को शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान ईडी अधिकारियों ने विश्वविद्यालय से जुड़े कर्मचारियों के आवासों पर भी छापे मारे और वहां से कई दस्तावेज जब्त किए। माना जा रहा है कि तीसरे दिन की जांच में एजेंसी को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जो घोटाले के अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन को उजागर कर सकते हैं।

विजेंद्र हुड्डा, जिन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में बसपा के टिकट पर बिजनौर से चुनाव लड़ा था, वर्तमान में उत्तर प्रदेश एसटीएफ की गिरफ्त में हैं। ईडी अब उनके आर्थिक लेन-देन और कथित काले धन के स्रोतों की गहराई से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here