समालखा। शहर की सर्विस लाइन पर स्थित नया बस अड्डा पिछले लगभग 5-6 दिनों से अंधेरे में है। बिजली निगम ने चार लाख रुपये से अधिक बकाया बिल के कारण बस अड्डे का बिजली कनैक्शन काट दिया है।
मामला जिला रोडवेज प्रबंधन के संज्ञान में है, लेकिन अब तक बस अड्डे पर बिजली सप्लाई सुधार नहीं पाई गई। सूत्रों के अनुसार, विकल्प के तौर पर आस-पास के दुकानदारों के मीटर से बिजली जोड़कर काम चलाया जा रहा है।
बिजली कटौती की वजह और प्रयास
समालखा सब-डिवीजन के जे.ई. कुलदीप सिंह ने बताया कि बस अड्डे पर 6 किलोवाट का कनैक्शन लगा हुआ है। पिछले 8 माह से रोडवेज अधिकारियों द्वारा बकाया बिल जमा नहीं करवाया गया, जिसको लेकर विभाग को कई बार अवगत कराया गया था। बिल का भुगतान न होने पर बिजली निगम ने कनैक्शन काट दिया।
बस अड्डा प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि बिल लंबित होने के कारण बिजली में गड़बड़ी हुई। छठे महीने में बिल जमा किया गया था। इसके बावजूद रोडवेज महाप्रबंधक की ओर से चार बार पत्र भेजे जाने के बाद भी बिल में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने स्वयं भी निगम कार्यालय जाकर समाधान की मांग की, लेकिन कनैक्शन बिना सूचना काट दिया गया।







