Home Crime डीजीपी का ऐलान: अब कोई नहीं बनेगा जेल में हीरो

डीजीपी का ऐलान: अब कोई नहीं बनेगा जेल में हीरो

113
0

चंडीगढ़ | हरियाणा की जेलों में अब गैंगस्टर कल्चर के अंत की शुरुआत हो गई है। कारागार महानिदेशक आलोक कुमार राय ने साफ शब्दों में कहा है कि अब कोई भी गैंगस्टर जेल में हीरो नहीं बनेगा। जेल में बंद हर अपराधी को आम कैदी की तरह रहना होगा और किसी को भी विशेष सुविधा नहीं दी जाएगी।

डीजीपी राय ने कहा कि सोशल मीडिया पर अपराधियों की बनाई गई झूठी ‘ग्लैमर इमेज’ को खत्म करने की मुहिम शुरू की गई है। उन्होंने कहा—“हम जनता को जेल की असलियत दिखाएंगे ताकि युवा समझें कि जेल प्रतिष्ठा नहीं, जीवन की सबसे बड़ी सजा है।”

अब जेलों में नहीं चलेगा ‘हीरो लुक’, सिर्फ अनुशासन और समानता

आलोक राय ने स्पष्ट किया कि अब किसी भी जेल में गैंगस्टर या कुख्यात अपराधी को कोई विशेष ट्रीटमेंट नहीं मिलेगा। सभी कैदियों को जेल वर्दी और तय चप्पल-जूते ही पहनने होंगे। ब्रांडेड कपड़े, महंगे जूते या दिखावे की वस्तुएं पूरी तरह प्रतिबंधित होंगी। उन्होंने कहा—“अब जेल में रहना सजा है, स्टाइल नहीं।” सभी गैंगस्टरों के बाल छोटे रहेंगे, शेव साफ होगी और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखनी होगी।

हर कैदी करेगा श्रम और सेवा

डीजीपी राय ने बताया कि हरियाणा प्रिजन रूल्स 2022 के तहत अब गैंगस्टरों से भी जेल की सफाई, सैनिटेशन और रखरखाव का काम कराया जाएगा। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि हर अपराधी को यह महसूस हो कि कानून के सामने सब समान हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी जेल में अब अपराधी का दबदबा या प्रभाव नहीं चलेगा। सभी जेल अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी गैंगस्टर को अनुचित सुविधा न दी जाए।

जेलों की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी

कारागार विभाग ने जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है।
मुख्यालय के अधिकारी अब हर जिले की जेलों का निरीक्षण करेंगे ताकि कोई भी गैंगस्टर जेल से बाहर आपराधिक गतिविधियों से संपर्क न रख सके। डीजीपी ने कहा कि जो भी कैदी मोबाइल या किसी माध्यम से बाहर संपर्क करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

जेल सुधार नहीं, समाज सुधार की पहल

हरियाणा सरकार ने जेल विभाग के माध्यम से गैंगस्टर कल्चर को जड़ से खत्म करने का अभियान शुरू किया है।
डीजीपी राय ने कहा—“अब न कोई गैंगस्टर ‘सेलिब्रिटी’ बनेगा और न जेल में दिखावा होगा। हरियाणा की जेलें अब सख्ती, अनुशासन और समानता की मिसाल बनेंगी।”

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here