चंडीगढ़ | सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। करीब 120 करोड़ रुपये की दवाओं और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद को मंजूरी दे दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि यह पहल प्रदेश के हर नागरिक को सस्ती, सुलभ और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि नई खरीद से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को इलाज में राहत मिलेगी और सरकारी अस्पतालों की सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
स्पेशल हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में 8 अस्पतालों में नई एमआरआई मशीनों, 2 अस्पतालों में सीटी स्कैन मशीनों और 604 जगहों पर ईसीजी जांच उपकरणों की खरीद पर चर्चा हुई।
इसके अलावा, 67 एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत में खरीदे जाएंगे। ईएनटी रोगियों के लिए 22 नसल एंडोस्कोप दो करोड़ रुपये में, टीबी जांच के लिए 40 टूनेट मशीनें छह करोड़ रुपये में और 15 पैथोडिटेक्ट मशीनें 13 करोड़ रुपये में उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि सरकारी अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगभग 75 करोड़ रुपये मूल्य के अनुबंध विभिन्न दवा कंपनियों के साथ किए गए हैं।
आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने और अस्पतालों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।







