Home Haryana हरियाणा की सैनी सरकार औद्योगिक शहरों में ESI अस्पताल बनाने जा रही

हरियाणा की सैनी सरकार औद्योगिक शहरों में ESI अस्पताल बनाने जा रही

185
0

चंडीगढ़ |  हरियाणा सरकार ने राज्य के सभी प्रमुख औद्योगिक शहरों में ESI अस्पतालों की स्थापना का बड़ा ऐलान किया है। रेवाड़ी जिले के बावल औद्योगिक क्षेत्र में निर्माणाधीन ईएसआइ अस्पताल का काम जल्द पूरा होने की उम्मीद है। निर्माण पूरा होने के तीन महीने के भीतर अस्पताल को हैंडओवर, फर्नीचर, उपकरण और स्टाफ की नियुक्ति के साथ उद्घाटन कर दिया जाएगा।

विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान बावल से बीजेपी विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने इस विषय पर सवाल उठाया था। इसके जवाब में राज्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि सरकार का प्रयास है कि जहाँ श्रमिकों की संख्या अधिक है, वहाँ कम से कम 100 बिस्तर वाला अस्पताल बनाया जाए ताकि श्रमिकों और उनके परिवारों को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

मुख्य औद्योगिक शहरों में 100-बिस्तर वाले अस्पताल

अनिल विज ने कहा कि हिसार, सोनीपत, रोहतक, अंबाला और करनाल जिलों में 100-100 बिस्तर वाले अस्पताल बनाए जाएंगे। इसके लिए ज़मीन का हस्तांतरण तेजी से किया जा रहा है ताकि ये परियोजनाएँ जल्द पूरा की जा सकें। बावल का ईएसआइ अस्पताल केंद्र सरकार की ओर से बनाया जा रहा है और वर्तमान में इसका निर्माण कार्य 85 प्रतिशत पूरा हो चुका है।

सोनीपत और पंचकूला में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

विज ने बताया कि पंचकूला में नई डिस्पेंसरी बनाई जा रही है। वहीं सोनीपत के अस्पताल और डिस्पेंसरी के निर्माण के लिए आवश्यक पत्राचार भी किया जा चुका है। इस योजना के तहत रोहतक, हिसार, अंबाला, सोनीपत और करनाल में 100-बिस्तर वाले अस्पतालों की स्थापना सुनिश्चित की जाएगी, और भूमि हस्तांतरण का काम लगातार प्रगति पर है।

हरियाणा सरकार का यह कदम औद्योगिक श्रमिकों के स्वास्थ्य और सुविधा को बढ़ावा देने के लिए बड़ा प्रयास माना जा रहा है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here