चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने प्रदेश की महिलाओं के लिए बड़ी राहत भरी योजना का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना 25 सितंबर को लॉन्च की जाएगी। इस योजना के तहत राज्य की विवाहित और अविवाहित महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये प्रतिमाह सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी (DBT) के माध्यम से भेजे जाएंगे।
सरकार के अनुसार, महिलाओं को इस योजना का लाभ पाने के लिए आवेदन करना होगा, जो ऑनलाइन पोर्टल या सरकार द्वारा लगाए गए विशेष कैंपों के माध्यम से किया जा सकेगा। योजना का लाभ आसानी से प्राप्त करने के लिए महिलाओं को 25 सितंबर से पहले 6 जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे।
योजना के लिए आवश्यक दस्तावेज:
- परिवार पहचान पत्र (PPP ID): लाभार्थी महिला का PPP होना जरूरी है, जिसमें परिवार की वार्षिक आय 1 लाख रुपये या उससे कम दर्ज हो।
- आधार कार्ड: मोबाइल नंबर से लिंक आधार कार्ड, जिससे ई-केवाईसी और DBT भुगतान संभव होगा।
- बैंक पासबुक: महिला के नाम से संचालित बैंक खाता होना अनिवार्य है। आवेदन में पासबुक की कॉपी देनी होगी।
- हरियाणा निवासी प्रमाण पत्र: महिला या उसके पति का कम से कम 15 साल हरियाणा निवासी होना जरूरी है।
- आय प्रमाण पत्र: मौजूदा वित्त वर्ष का आय प्रमाण पत्र, जिसमें वार्षिक आय 1 लाख से कम हो।
- पासपोर्ट साइज फोटो: हाल ही की फोटो आवेदन के साथ लगानी होगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मददगार साबित होगी।







