चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने किसानों को प्राकृतिक आपदाओं और प्रतिकूल मौसम से बचाव देने के लिए मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना शुरू की है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को फसल खराब होने पर मुआवजा देकर आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
योजना के तहत किसान सिर्फ 2.5% प्रीमियम देकर अपनी फसलों का बीमा करा सकते हैं। सब्जियों और मसालों के लिए प्रीमियम ₹750 प्रति एकड़ रखा गया है, जिसके बदले किसानों को ₹30,000 तक का बीमा कवर मिलेगा। वहीं फलों की फसलों के लिए ₹1,000 प्रति एकड़ प्रीमियम तय किया गया है, जिस पर ₹40,000 तक का बीमा कवर उपलब्ध होगा।
इन प्राकृतिक आपदाओं से मिलेगा बचाव
इस योजना में ओलावृष्टि, पाला, तापमान में अचानक बदलाव, बाढ़, बादल फटना, जलभराव, आंधी-तूफान और आग से हुए नुकसान पर किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। योजना में कुल 46 बागवानी फसलें शामिल की गई हैं, जिनमें 23 सब्जियां, 21 फल और 2 मसाले (हल्दी और लहसुन) शामिल हैं।
आवेदन की प्रक्रिया
विशेषज्ञों के अनुसार, किसानों को मुआवजा उनकी फसल को हुए नुकसान के प्रतिशत के आधार पर दिया जाएगा। इच्छुक किसान hortharyana.gov.in वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।







