हिसार। हरियाणा में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 11 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, 14 सितंबर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में बारिश का दायरा और बढ़ने की संभावना जताई गई है।
फिलहाल प्रदेश में दिन के समय तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हिसार में अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज गर्मी के साथ उमस बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार इस समय मानसून की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर हैं, लेकिन वातावरण में नमी और मौसम संबंधी परिस्थितियों में बदलाव के चलते आने वाले दिनों में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है।
शुक्रवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत और पानीपत में बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बादल छाने और बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून की सक्रियता धीरे-धीरे बढ़ने के साथ आगामी दिनों में प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है। 14 सितंबर को कई क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे तापमान में कुछ गिरावट आने और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम में बदलाव का असर कृषि क्षेत्र पर भी पड़ सकता है। बारिश होने से जहां फसलों को लाभ मिलने की संभावना है, वहीं अधिक बारिश की स्थिति में जलभराव जैसी समस्या भी सामने आ सकती है। फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों को आगामी दिनों के मौसम पर नजर रखने की सलाह दी है।







