हरियाणा | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लगातार हो रही भारी बारिश के बीच राज्य की स्थिति की समीक्षा के लिए सभी जिला उपायुक्तों के साथ आपात बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर नागरिक और पशुधन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
विद्यालय पूरी तरह बंद रहें
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन जिलों में विद्यालय बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं, वहां प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि विद्यालय पूर्ण रूप से बंद रहें।
पंजाब से जुड़े लोगों के लिए भी प्रबंध
सैनी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि पंजाब से संपर्क में आए प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं। साथ ही खाद्यान्न और हरे चारे का पर्याप्त भंडारण किया जाए, ताकि किसी को संकट का सामना न करना पड़े।
जलभराव और राहत कार्यों पर जोर
सीएम ने आदेश दिए कि आबादी वाले इलाकों में जलभराव न हो, इसके लिए समय रहते सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। उन्होंने हरियाणा डिजास्टर रिलीफ फोर्स (HDRF) को अलर्ट पर रखने और सभी विभागाध्यक्षों को तत्पर रहने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य और उपकरण तैयार रखें
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखा जाए और पर्याप्त संख्या में पंपिंग सेट्स की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आपदा की स्थिति में तुरंत राहत कार्य किए जा सकें।







