करनाल | करनाल के गौशाला रोड स्थित जनकपुरी इलाके में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवती को बीच मोहल्ले से कार सवार युवक जबरन ले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गली में काले रंग की एक कार खड़ी थी, जिसमें तीन युवक मौजूद थे। दो युवक कार से उतरे, युवती अंजली को गला पकड़कर थप्पड़ मारा और उसे घसीटते हुए कार में डालकर फरार हो गए, जबकि तीसरा युवक कार में ही बैठा रहा।
अंजली की बुआ मंजू ने बताया कि 12वीं के बाद अंजली ने नर्सिंग कोर्स में दाखिला लिया था। घटना के समय वह घर पर चाय बना रही थी और एक 12 साल की लड़की किराए के कमरे के बारे में पूछने आई थी। तभी यह वारदात हो गई।
पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और आरोपियों में से एक की पहचान भी कर ली थी। लेकिन देर शाम घटनाक्रम ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया। सोशल मीडिया पर अंजली का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह एक युवक के साथ बैठी थी और कह रही थी कि उसका कोई अपहरण नहीं हुआ है। उसने दावा किया कि वह अपनी पसंद के युवक से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार इसके खिलाफ था और उसकी शादी कहीं और तय कर दी गई थी।
डीएसपी राजीव के अनुसार, पुलिस अपहरण की सूचना मिलने पर जांच कर रही थी, लेकिन शाम को वीडियो सामने आने के बाद युवती ने अपहरण की बात से साफ इनकार किया और अपनी मर्जी से शादी करने की बात कही।







