यमुनानगर | हरियाणा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। गैंगस्टर विरोधी अभियान के तहत यमुनानगर पुलिस ने बुधवार को कुख्यात अपराधी भीम को मुठभेड़ में मार गिराया। रटोली-खेड़ा रोड पर हुए इस एनकाउंटर में भीम की मौके पर ही मौत हो गई। उस पर हत्या के प्रयास, ड्रग्स तस्करी और अवैध हथियारों के मामले में करीब 7 से 8 संगीन केस दर्ज थे। हरियाणा पुलिस ने उस पर ₹20,000 का इनाम घोषित किया था।
इनपुट मिलते ही पुलिस ने घेरा, बदमाश ने चलाई गोली
पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि गैंगस्टर भीम रटोली-खेड़ा रोड पर मौजूद है। जब पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। करीब 15 राउंड फायरिंग पुलिस की ओर से और 8 से 9 राउंड गोलीबारी आरोपी की ओर से हुई। एक गोली एक पुलिसकर्मी की जैकेट पर भी लगी, लेकिन कोई नुकसान नहीं हुआ।
गोली लगने से मौके पर ही मौत
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से गैंगस्टर भीम की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर भारी पुलिस बल मौजूद रहा और इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अयोध्या से यमुनानगर तक का आपराधिक नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से अयोध्या का निवासी था लेकिन पिछले कुछ महीनों से यमुनानगर के आजाद नगर में रह रहा था। हाल ही में उसने शहर के एक कारोबारी बॉबी और कपड़ा व्यापारी रवि के घर पर भी फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। बताया जा रहा है कि उसने पांच करोड़ रुपये की डिमांड भी की थी।







