चंडीगढ़: हरियाणा CET 2025 की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने उन आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को बड़ी छूट दी है, जिन्होंने समय पर जाति प्रमाणपत्र न बनने के कारण सामान्य श्रेणी में आवेदन किया था। अब ऐसे अभ्यर्थियों को रिजल्ट जारी होने से पहले अपना प्रमाणपत्र पोर्टल पर अपलोड कर कैटेगरी बदलने का मौका मिलेगा।
किन अभ्यर्थियों को मिलेगा फायदा?
यह सुविधा केवल उन युवाओं को दी जाएगी जिन्होंने आवेदन की अंतिम तिथि से पहले सरल पोर्टल पर जाति प्रमाणपत्र के लिए अप्लाई कर दिया था, लेकिन दस्तावेज समय पर जारी नहीं हो पाए। इस बार आवेदन प्रक्रिया के लिए महज 15 दिन का समय मिला था, जिस कारण कई उम्मीदवारों को सामान्य श्रेणी में ही आवेदन करना पड़ा।
हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद आयोग का फैसला
यह मामला हाईकोर्ट तक पहुंचने के बाद HSSC ने अंडरटेकिंग दी है कि रिजल्ट जारी करने से पहले योग्य अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र अपलोड करने का पूरा मौका दिया जाएगा, ताकि उन्हें आरक्षण का लाभ मिल सके।
जल्द जारी होगी CET की उत्तर कुंजी और परिणाम
HSSC अगस्त के अंत तक CET 2025 का रिजल्ट जारी करने की तैयारी में है। जल्द ही उत्तर कुंजी (Answer Key) जारी कर अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी जाएंगी। लगभग 13.5 लाख रजिस्ट्रेशन के चलते यह परीक्षा चार पालियों में करानी पड़ी थी। इसी कारण आयोग ‘नॉर्मलाइजेशन’ प्रणाली पर भी विचार कर रहा है, ताकि कठिन पाली में शामिल अभ्यर्थियों के साथ न्याय हो सके।







