बराड़ा | सावन के पावन महीने में शिवलिंग पर जल अर्पित करना एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुआ। बराड़ा के गांव थंबड़ में सोमवार तड़के 4:15 बजे 50 वर्षीय उर्मिला देवी (पत्नी राजेश) की सांप के डसने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, उर्मिला मंदिर में शिवलिंग पर जल चढ़ा रही थीं। उसी दौरान उन्होंने जैसे ही शिवलिंग पर हाथ फेरा, एक सांप जो शिवलिंग से लिपटा हुआ था, ने उन्हें डस लिया। आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने तुरंत सांप को हटाया और महिला को अस्पताल पहुंचाया।
उर्मिला को पहले बराड़ा के सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें अंबाला कैंट रेफर कर दिया गया। वहां से उन्हें PGI चंडीगढ़ भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और सावन के दौरान मंदिरों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।







