हरियाणा : चन्द्रिका ( TSN)- कलायत हलके के गांव ढूंढ़वा में बूथ संख्या 12 पर महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। कमलेश ढांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में गरीब, वंचित, जरूरतमंद के उत्थान को लेकर जो प्रयास किए हैं, वो विकसित भारत की मजबूत नींव साबित हो रहे हैं।
राज्यमन्त्री कमलेश ढांडा ने कहा कि वोकल फार लोकल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को आज हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी मान कर आगे बढ़ा रहा है। त्योहारों से लेकर विवाह कार्यक्रमों में आमजन के रुझान स्थानीय बाजार की ओर हुआ है। वोकल फार लोकल की विचारधारा समृद्ध भारत का रास्ता खोल रही है। उन्होंने कहा कि आज देश में रोजगार की गारंटी, विकास की गारंटी, शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में बराबरी के अवसर उपलब्ध हुए हैं, जो देश की आंतरिक मजबूती को दर्शाता है।
गांव की विकास परियोजनाओं पर की चर्चा
कमलेश ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा नौकरियों में पारदर्शिता की बदौलत गांव ढूंढ़वा में 60 युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची रोजगार मिला, जिसमें जेई से लेकर सब इंस्पेक्टर तक अपनी योग्यता पर युवा भर्ती हुए हैं। पूर्व सरपंच रमेश ढूंढ़वा द्वारा रखी गई मांगों पर उचित कार्रवाई करने का भरोसा देते हुए गांव की विकास परियोजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि 20 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से 7 गांवों में भाखड़ा से पानी लाने की परियोजना का लाभ ढूंढ़वा गांव को भी होने जा रहा है। गांव में पाइप लाइन बिछाने के लिए पाइप आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि गांव में पुरानी पानी की जर्जर लाइन को बदलने व नई लाइन बिछाने पर 2 करोड़ 85 लाख रुपए की राशि खर्च की जा रही है। इसी प्रकार 45 लाख रुपए से बूस्टर निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है, जबकि 24 लाख 98 हजार रुपए की राशि से अतिरिक्त ट्यूबवैल लगाने की मंजूरी दी जा चुकी है, जिसका काम शीघ्र शुरू किया जाएगा। कमलेश ढांडा ने कहा कि ढूंढ़वा से कुराड़ की सड़क बनाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल को अनुरोध किया गया है, जिसकी शीघ्र मंजूरी मिलने की उम्मीद है।







