हिसार | हरियाणा में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल की खाड़ी की कमजोर पड़ी प्रणाली के खत्म होते ही मानसून टर्फ हरियाणा के तराई क्षेत्रों तक पहुंच गया है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 23, 27 और 28 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
बुधवार को प्रदेश के 22 जिलों में बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम में आए बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। दोपहर का अधिकतम तापमान 26.6 से 36.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री तक कम रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक शाम 5 बजे तक अंबाला में 18.1 मिमी, हिसार में 5 मिमी, करनाल में 2.8 मिमी, फरीदाबाद में 0.5 मिमी, कैथल के कौल में 1 मिमी, महेंद्रगढ़ में 12 मिमी और सोनीपत में 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, भिवानी और सिरसा में मामूली बूंदाबांदी हुई।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि उत्तरी राजस्थान और दक्षिणी पंजाब में चक्रवातीय सर्कुलेशन बनने से एक बार फिर मानसून टर्फ हरियाणा व एनसीआर-दिल्ली क्षेत्र पर सक्रिय हो गई है। इसके चलते राज्य में कई स्थानों पर बिखरी हुई बारिश और बूंदाबांदी की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला और तेज होने की संभावना जताई गई है।







