यमुनानगर | हरियाणा के यमुनानगर में एक महिला से चौंकाने वाली ठगी सामने आई है। सेक्टर-18 की रहने वाली महिला के साथ दो नकली चाबी बनाने वालों ने करीब 2 किलो चांदी के गहनों की ठगी कर डाली।
महिला के अनुसार, घर की अलमारी का लॉकर नहीं खुल रहा था। गली में घूम रहे दो युवकों को चाबी बनाने के लिए बुलाया। उन्होंने कहा कि उनके पास चाबी नहीं है, अगली सुबह आएंगे। जब दोनों दोबारा आए तो महिला को पुरानी चाबी लाने के बहाने नीचे भेज दिया। थोड़ी देर बाद बोले कि चाबी से बात नहीं बनी और फिर लौटने का वादा कर चले गए।
करीब 15 दिन बाद जब महिला को जेवरात निकालने की जरूरत पड़ी तो लॉकर तोड़ा गया, लेकिन वह पूरी तरह खाली था। महिला को एहसास हुआ कि दोनों युवक गहने लेकर चंपत हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि राह चलते चाबी वालों से सावधान रहें, वरना ऐसे गिरोह ठगी कर सकते हैं।







