Home Haryana करनाल बना देश का गौरव: स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में मिला राष्ट्रपति पुरस्कार

करनाल बना देश का गौरव: स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में मिला राष्ट्रपति पुरस्कार

154
0

Karnal, 13 July-करनाल नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार अपने नाम किया है। यह सम्मान देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा 17 जुलाई को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रदान किया जाएगा। हरियाणा राज्य में यह पुरस्कार प्राप्त करने वाला करनाल पहला नगर निगम बना है।

शहरवासियों और सफाई मित्रों की मेहनत लाई रंग

इस बड़ी उपलब्धि पर महापौर रेनू बाला गुप्ता ने पूरे शहरवासियों, सफाई मित्रों और निगम की सैनिटेशन टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान करनाल की टीम भावना, नागरिक जागरूकता और निरंतर प्रयासों का प्रतिफल है।

उन्होंने कहा, “स्वच्छ भारत मिशन की नींव 2 अक्टूबर 2014 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी की जयंती पर रखी थी। यह उपलब्धि उसी मिशन की दिशा में हमारी प्रतिबद्धता और मेहनत का परिणाम है।”

आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा: ‘हर कर्मचारी ने निभाई अहम भूमिका’

नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि इस सफलता के पीछे निगम की पूरी टीम की मेहनत और समर्पण है। “हमारी स्वच्छता शाखा ने 24×7 कार्य कर जो प्रतिबद्धता दिखाई, वह प्रशंसनीय है,” उन्होंने कहा।

विधायक जगमोहन आनंद: ‘गौरव के साथ जिम्मेदारी भी’

विधायक जगमोहन आनंद ने करनाल की इस उपलब्धि को सामूहिक प्रयास और नागरिक कल्याण की दिशा में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा, “यह सम्मान केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। अब हमें इसे बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करने होंगे।”

17 जुलाई को होगा ऐतिहासिक पल

पूरे करनाल की नजरें अब 17 जुलाई के उस गौरवपूर्ण पल पर टिकी हैं, जब विज्ञान भवन में करनाल नगर निगम को राष्ट्रपति द्वारा यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया जाएगा। यह न सिर्फ नगर निगम बल्कि पूरे करनाल के लिए गर्व की बात है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here