रेवाड़ी | शहर की शिव कॉलोनी में वीरवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने अचानक गोलियों की बौछार कर इलाके में सनसनी फैला दी। बदमाशों ने करीब पांच राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल, दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है।
फलों की रेहड़ी लगाने वाले भाइयों के घर के बाहर चली गोलियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिव कॉलोनी के निवासी रणबीर और विजय नाईवाली चौक पर फलों की रेहड़ी लगाते हैं। गुरुवार को बाइक पर आए हमलावर उनके घर के सामने रुके और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं और फिर तेजी से फरार हो गए।
CCTV में कैद हुए हमलावर, दीवार से मिली गोली
वारदात शिव कॉलोनी की गली नंबर-6 में हुई। मौके पर पहुंची पुलिस को एक गोली मकान की दीवार में फंसी मिली है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर हमलावरों की पहचान गौरव और हांडी के रूप में की गई है।
पुरानी रंजिश की आशंका, दहशत में स्थानीय लोग
पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद कर लिए हैं और दोनों संदिग्धों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को इस हमले की वजह माना जा रहा है। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जल्द आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों को जल्द हिरासत में लिया जाएगा और घटना के पीछे की वजह का पूरी तरह खुलासा किया जाएगा।







