चंडीगढ़ | हरियाणा में मॉनसून ने आधिकारिक रूप से दस्तक दे दी है और अब पूरे प्रदेश में इसका असर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को राज्य के सभी 22 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
तेज और मध्यम बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के चंडीगढ़ सेंटर के अनुसार, पंचकूला, अंबाला, करनाल और यमुनानगर में भारी बारिश की संभावना है। वहीं सोनीपत, पानीपत, कैथल, कुरुक्षेत्र, जींद, रोहतक, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इसके अलावा, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।
यमुनानगर में बारिश से बिगड़े हालात
बुधवार को हुई भारी बारिश से यमुनानगर में हालात बिगड़ गए। सोम नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के घरों में पानी घुस गया और कई खेत जलमग्न हो गए। स्थानीय प्रशासन अलर्ट पर है। प्रदेश में अगले 36 घंटों में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा और आने वाले 7 दिनों तक रुक-रुक कर बारिश की संभावना बनी रहेगी।
तापमान में आई गिरावट
बारिश के चलते अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई है। बुधवार को तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
27 से 29 जून तक फिर बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार, 27 जून से लेकर 29 जून के बीच हरियाणा में फिर से जोरदार बारिश होने की संभावना है। कुछ जिलों में भारी बारिश के आसार हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है।







