Home Crime हरियाणा: डेंटिस्ट अस्पताल से संदिग्ध हालात में लापता, पत्नी ने टोहाना के...

हरियाणा: डेंटिस्ट अस्पताल से संदिग्ध हालात में लापता, पत्नी ने टोहाना के व्यापारी पर प्रताड़ना का लगाया आरोप

227
0

हरियाणा  | हरियाणा के फतेहाबाद जिले के गांव कुलां से एक डेंटिस्ट संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। मामला उस वक्त सामने आया जब डॉक्टर की पत्नी को उनके अस्पताल में एक पत्र मिला, जिसमें मानसिक तनाव और एक स्थानीय व्यापारी से प्रताड़ना का जिक्र किया गया था।

जानकारी के अनुसार, डेंटिस्ट पवन कुमार गांव कुलां चौक के पास अपना क्लिनिक चलाते थे। मंगलवार दोपहर उनकी पत्नी मोनिका जब घर से खाना बनाकर क्लिनिक पहुंची, तो पति वहां नहीं मिले। कई बार फोन करने के बाद भी संपर्क नहीं हो सका। इसी दौरान क्लिनिक में एक चिट्ठी मिली, जिसमें पवन ने अपनी परेशानियों का जिक्र किया था।

पत्नी मोनिका ने कुलां पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि पवन बीते कुछ दिनों से मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहे थे। पत्र में टोहाना के एक टायर कारोबारी द्वारा अनुचित तरीके से पैसे की मांग और धमकियों का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि उक्त व्यापारी ने पहले स्वेच्छा से क्रिप्टोकरेंसी में निवेश किया था, लेकिन अब वह बार-बार पैसों की मांग कर रहा है और धमकी भी दे रहा है।

यह भी बताया गया है कि कारोबारी ने अपनी पत्नी के नाम से पवन के खिलाफ एक मामला भी दर्ज करवा दिया है, जिससे पवन और उसका परिवार मानसिक व आर्थिक दबाव में आ गया है। मोनिका ने कहा कि अगर उनके पति या परिवार को कोई नुकसान पहुंचता है, तो इसकी जिम्मेदारी उस कारोबारी और उसकी पत्नी की होगी।

पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और लापता डॉक्टर की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here