बहादुरगढ़ | अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर हरियाणा के तैराकों ने पानी के अंदर योग कर अनूठा संदेश दिया। बहादुरगढ़ की एचएल सिटी स्थित चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में तैराकों ने अपने ट्रेनिंग सेशन की शुरुआत योगासन से की। पानी के भीतर योग मुद्राओं के ज़रिए खिलाड़ियों ने न केवल योग की उपयोगिता को दर्शाया, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर भारतीय तैराकी महासंघ के उपाध्यक्ष, हरियाणा ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष और हरियाणा तैराकी संघ के महासचिव अनिल खत्री भी मौजूद रहे। उन्होंने भी तैराकों के साथ योगाभ्यास किया और खिलाड़ियों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया।
योग शरीर और मन दोनों को सशक्त बनाता है: अनिल खत्री
कार्यक्रम के दौरान एसएफआई उपाध्यक्ष अनिल खत्री ने योग के लाभों को लेकर कहा, “स्वस्थ और निरोगी जीवन के लिए योग बेहद आवश्यक है। सुबह योग और सैर करने से न केवल शरीर फिट रहता है बल्कि मानसिक तनाव भी दूर होता है।” उन्होंने कहा कि खासकर खिलाड़ियों के लिए योग ध्यान और एकाग्रता बढ़ाने के साथ-साथ शारीरिक लचीलापन और सहनशक्ति भी प्रदान करता है।
खत्री ने बताया कि योग से शरीर के कई जटिल रोग भी ठीक हो सकते हैं। उन्होंने तैराकों को सलाह दी कि वे स्विमिंग पूल में अभ्यास शुरू करने से पहले योगासन को अपनी दिनचर्या में जरूर शामिल करें। अंत में उन्होंने सभी खिलाड़ियों से अपील की कि वे योग को केवल एक दिन नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आदत बना लें।







