Home Business/Education रेवाड़ी HAU कॉलेज में परीक्षा बहिष्कार के बीच बढ़ा तनाव, गर्ल्स हॉस्टल...

रेवाड़ी HAU कॉलेज में परीक्षा बहिष्कार के बीच बढ़ा तनाव, गर्ल्स हॉस्टल में पुलिस की एंट्री पर बवाल

261
0

रेवाड़ी | हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के बावल स्थित कॉलेज में सोमवार को उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब परीक्षा का बहिष्कार कर रहे छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने गर्ल्स हॉस्टल में प्रवेश किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने परीक्षा के लिए दबाव बनाने की मंशा से हॉस्टल में पुलिस भेजी, जिससे छात्राएं घबरा गईं और उन्होंने खुद को कमरों में बंद कर लिया।

प्रदर्शनकारियों द्वारा जारी एक वीडियो में कुछ मेल पुलिसकर्मियों को गर्ल्स हॉस्टल की खिड़कियों से झांकते हुए देखा गया, जिसने छात्र आंदोलन को और अधिक भड़का दिया। इस घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।

प्रिंसिपल ने दी सफाई

कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. नरेश कौशिक ने पुलिस कार्रवाई को उचित ठहराते हुए कहा, “कुछ छात्राएं परीक्षा देना चाहती थीं, लेकिन अन्य प्रदर्शनकारी छात्राओं ने उन्हें हॉस्टल में बंद कर लिया था। उन्हें मुक्त कराने के लिए ही पुलिस बुलानी पड़ी। इस दौरान महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद थीं।”

परीक्षा बहिष्कार जारी, बेहद कम उपस्थिति

कॉलेज में बीएससी छठे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन छात्र-छात्राएं हिसार HAU में जारी आंदोलन के समर्थन में बहिष्कार कर रहे हैं। सोमवार को दोनों शिफ्टों में करीब 300 छात्रों को परीक्षा देनी थी, लेकिन केवल 14 छात्र ही परीक्षा में शामिल हुए – सुबह 6 और शाम को 8।

धारा 163 लागू, लेकिन छात्र नहीं झुके

कॉलेज परिसर की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने धारा 163 लागू कर दी है, बावजूद इसके छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे लक्ष्य पूनिया ने स्पष्ट किया, “जब तक हिसार यूनिवर्सिटी की मांगें नहीं मानी जातीं, आंदोलन जारी रहेगा।”

छात्र उठा रहे ये मुख्य मांगें:

  • फीस वृद्धि के अनुपात में छात्रवृत्ति में भी बढ़ोतरी की जाए।
  • जिन गांवों ने विश्वविद्यालय के लिए जमीन दी है, वहां के छात्रों को पूर्व की तरह सीटों में आरक्षण मिले।
  • छात्रों पर लाठीचार्ज कराने वाले अधिकारियों को निलंबित नहीं, बल्कि बर्खास्त किया जाए।
  • HAU के कुलपति को तुरंत हटाया जाए, क्योंकि छात्र विश्वविद्यालय में बदलाव चाहते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here