Home Haryana गुरुग्राम-दिल्ली रूट पर राहत: रजोकरी टनल खुली, खेड़कीदौला टोल होगा शिफ्ट

गुरुग्राम-दिल्ली रूट पर राहत: रजोकरी टनल खुली, खेड़कीदौला टोल होगा शिफ्ट

289
0

गुरुग्राम | हरियाणा से दिल्ली आने-जाने वाले हजारों वाहन चालकों को अब ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है। दिल्ली के रजोकरी में द्वारका एक्सप्रेसवे के तहत बनी दोनों टनल्स को अब आम यातायात के लिए 12 घंटे तक खोल दिया गया है। इन टनलों को ट्रायल रन के बाद अब सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक नियमित संचालन में लाया गया है। जल्द ही ये टनल्स 24 घंटे के लिए खुली रहेंगी।

इनमें से एक टनल द्वारका यशोभूमि और दूसरी टनल IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 तक जाती है। गुरुग्राम, मानेसर और रेवाड़ी से दिल्ली एयरपोर्ट या पश्चिमी दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अब रजोकरी और NH-48 पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

खेड़कीदौला टोल हटाकर पचगांव में होगा शिफ्ट

हरियाणा के गुरुग्राम व आसपास के लाखों लोगों के लिए एक और बड़ी खबर यह है कि खेड़कीदौला टोल प्लाजा को अब पचगांव में शिफ्ट करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। सड़क परिवहन मंत्रालय से इस बारे में NHAI को आधिकारिक आदेश मिल चुके हैं और अगले छह महीनों में टोल शिफ्ट कर दिया जाएगा।

हर दिन 15 हजार वाहन होंगे लाभान्वित

द्वारका एक्सप्रेसवे की यह टनल रजोकरी में शिवमूर्ति के पास बनाई गई है। एक टनल करीब 3.25 किलोमीटर और दूसरी 2.25 किलोमीटर लंबी है। अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक दिन करीब 15 हजार वाहन इस मार्ग से दिल्ली की ओर निकलते हैं। इस ट्रैफिक को अब इन टनलों के जरिए डायवर्ट किया जाएगा, जिससे दिल्ली-गुरुग्राम रूट पर भारी ट्रैफिक का दबाव कम होगा।

सरहौल टोल से भी हटेंगे MCD बूथ

हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना की एक अहम बैठक में दिल्ली बॉर्डर से MCD के बूथ हटाने के आदेश भी जारी किए गए। इसके बाद सरहौल टोल क्षेत्र में भी नई सड़क बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है।

NHAI प्रोजेक्ट डायरेक्टर योगेश तिलक और अशोक पहाड़ी ने बताया कि दिल्ली और हरियाणा के बीच यातायात को और सुगम बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here