फतेहाबाद : चन्द्रिका ( TSN)–सिरसा से नवनिर्वाचित सांसद कुमारी शैलजा फतेहाबाद के टोहाना में कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करने पहुंची। कार्यक्रम के बाद प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान शैलजा भी नाराज हो गई और कार्यकर्ताओं को हंगामा रोकने के लिए स्टॉप इट, स्टॉप इट, बस करो, खोलो इसको, बाहर से खोलो! कहते हुए रोकती रहीं। हंगामे के दौरान पीसी रूम में लगे गेट का शीशा तक टूट गया।
दरअसल कार्यक्रम के बाद शैलजा जैसे ही पीसी रूम की तरफ गईं तो अधिकतर नेता अंदर चले गए, लेकिन पूर्व मंत्री परमवीर सिंह और उनके समर्थक बाहर रह गए। इतने में शीशे वाला गेट बंद हो गया। अंदर से सैलजा कहती रहीं कि अंदर से गेट लॉक नहीं है, जबकि परमवीर और उनके समर्थक कहते रहे कि गेट अंदर से बंद है। इसी दौरान गेट का शीशा टूट गया। पूरे हंगामे को लेकर सैलजा भी उखड़ी उखड़ी नजर आई और कार्यकर्ताओं को ऐसा करने से रोकती रहीं। बाद में परमवीर सिंह अंदर आए और अंदर से गेट बंद होने की बात कही तो शैलजा ने उन्हें भी बताया कि गेट बंद नहीं था। गेट अंदर या बाहर से कैसे बंद हुआ, यह पता नहीं चल पाया।







