Home Haryana हिसार में मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, रिकॉर्ड और दवाइयां...

हिसार में मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, रिकॉर्ड और दवाइयां जब्त

2
0

हिसार। खेड़ी चोपटा के बरवाला रोड स्थित ‘श्री कृष्णा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल’ में  देर शाम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। अस्पताल पर कथित रूप से फर्जी जन्म रजिस्ट्रेशन और बिना वैध दस्तावेजों के चिकित्सा सेवाएं संचालित करने के आरोप हैं। कार्रवाई के दौरान विभाग ने अस्पताल का रिकॉर्ड और 31 प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां जब्त कर जांच के लिए सील कर दीं।

छापेमारी के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई कर्मचारी मौके से निकल गए, जबकि स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

जांच के दौरान अस्पताल में एक गर्भवती महिला डिलीवरी के लिए भर्ती मिली। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला की जांच की तो पता चला कि उसके शरीर में खून की गंभीर कमी थी और उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। इसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत उसे बेहतर उपचार के लिए हिसार के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया।

स्वास्थ्य विभाग की पूछताछ में अस्पताल में दो डॉक्टर मौजूद मिले, जिनकी पहचान डॉ. शिवानी और डॉ. आकिब के रूप में हुई। टीम ने जब उनसे मेडिकल प्रैक्टिस से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वे केवल उत्तर प्रदेश के रजिस्ट्रेशन दस्तावेज ही दिखा सके। हरियाणा में चिकित्सा अभ्यास के लिए आवश्यक वैध रजिस्ट्रेशन या अन्य कानूनी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं मिले।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार अस्पताल के खिलाफ गुप्त शिकायत मिली थी कि यहां कथित तौर पर पैसे लेकर गलत तरीके से जन्म प्रमाण पत्र और जन्म रजिस्ट्रेशन तैयार किए जा रहे हैं। शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने यह कार्रवाई की।

टीम इंचार्ज विक्रम गोरिया ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन मौके पर कोई वैध लाइसेंस या कानूनी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उन्होंने कहा कि जब्त दवाइयों को जांच के लिए लैब भेजा गया है और पूरे मामले में कानूनी राय ली जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी टीम में डॉ. अनु दलाल और ड्रग इंस्पेक्टर अजय कुमार भी शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग अब अस्पताल को सील करने और संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी में जुटा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here