पानीपत | समालखा उपमंडल के पट्टी कल्याणा गांव में एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत का मामला सामने आया है। युवक घर से घूमने के लिए निकला था, लेकिन देर रात उसका शव गांव के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। प्राथमिक जांच में युवक की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से होना बताया जा रहा है।
घटना के बाद गांव में अफरा–तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
परिवार ने बताया कि मृतक युवक की पहचान 27 वर्षीय रिंकू के रूप में हुई है। वह शनिवार शाम को माता–पिता को यह कहकर घर से निकला था कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा। लेकिन जब वह देर रात तक वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
गांव के कुछ लोगों ने परिजनों को बताया कि पुलिस गांव में आई है और एक युवक का शव सड़क किनारे मिला है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि वह शव रिंकू का ही था।
पिता ने बताया कि ग्रामीणों से उन्हें जानकारी मिली कि रिंकू का किसी अज्ञात वाहन से एक्सीडेंट हो गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां जांच के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।







