करनाल : चन्द्रिका ( TSN)- हरियाणा सरकार प्रदेश के कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से जोड़ रही है । किसानों को अनुदान पर उन्नत कृषि उपकरण दिए जा रहे हैं, ताकि खेती में किसान का खर्च कम हो, आमदन बढ़े और पर्यावरण भी सुरक्षित हो। बता दें कि करनाल जिले में कृषि विभाग में 700 से अधिक किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र सब्सिडी पर दिए हैं किसानों को लगभग 8 करोड़ की राशि का अनुदान दिया गया है ।
खेती में उन्नत बीज और खाद की तरह तकनीक व कृषि यंत्र का प्रयोग बेहद महत्वपूर्ण है । कृषि यंत्र को किसान का सहयोगी कहा जाता है । बदलते समय के साथ कृषि उपकरणों और यंत्रों की तकनीक में बड़ा बदलाव हुआ है । हरियाणा सरकार प्रदेश के किसानों को अत्याधुनिक तकनीकों से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है । कृषि उपकरण अनुदान योजना के जरिए लेटेस्ट एग्रिकल्चर इंप्लीमेंट दे रही है ।
करनाल जिले में सात सौ से अधिक किसानों ने उठाया योजना का लाभ
कृषि उपनिदेशक वजीर सिंह ने बताया कि करनाल जिले में सात सौ से अधिक किसानों को योजना का लाभ दिया गया है । किसानों को सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, बेलर मशीन सहित कई उपकरण अनुदान पर दिए गए है । किसानों को आठ करोड़ से अधिक की राशि अनुदान के तौर पर दी जा रही है । वजीर सिंह ने बताया कि अच्छे कृषि उपकरणों से किसान को कई तरह से फायदा होता है । खेती में लागत कम होती है और उत्पादन बढ़ता है । लेटेस्ट कृषि यंत्र काफी महंगे होते है,सरकार किसानों को सब्सिडी दे रही है । इन यंत्रों की मदद से फसल अवशेष प्रबंधन बेहतर होता है और अवशेषों को जलाने की जरूरत नहीं पड़ती । करनाल जिले में किसानों ने इस बार बेहद कम पराली जलाई और पराली बेच कर करीब 40 करोड़ की आय अर्जित की है। कृषि यंत्रों को मदद से पर्यावरण भी सुरक्षित रहता है और खेत की उपजाऊ क्षमता भी बरकरार रहती है ।







