हिसार | हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए शनिवार को जबरदस्त कहर बरपाया। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण प्रदेशभर में व्यापक नुकसान हुआ। बिजली के 5,821 से अधिक खंभे, 630 ट्रांसफार्मर और 6,490 से अधिक पेड़ गिर गए। रोहतक में बीएसएनएल का मोबाइल टावर और महेन्द्रगढ़ के नांगल चौधरी में 132 केवी का बिजली टावर धराशायी हो गया।
हिसार में भारी नुकसान, बुजुर्ग की मौत
हिसार सर्कल में 473 बिजली खंभे और 53 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए, जबकि लगभग 2,000 पेड़ गिरने की सूचना है। आंधी के कारण कई जगहों पर शेड उड़ गए और बालसमंद ब्रांच नहर में पेड़ गिरने से नहर टूट गई, जिससे आसपास का इलाका जलमग्न हो गया। पावर हाउस में पानी घुसने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और कई इलाकों में ब्लैकआउट जैसी स्थिति बन गई।
शनिवार रात हिसार में आंधी के दौरान छत का छज्जा गिरने से छत पर सो रहे 68 वर्षीय रविंद्र की मौत हो गई, जबकि साथ सो रही उनकी 12 वर्षीय दोहती पूर्वी गंभीर रूप से घायल हो गई – उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया।
अन्य जिलों में भी भारी असर
उकलाना के बुढ़ाखेड़ा गांव में तेज हवाओं के कारण दिलीप सिंह का मकान ढह गया। यमुनानगर और अन्य शहरी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई।
तापमान में 10 डिग्री तक गिरावट
तेज बारिश और हवाओं के चलते प्रदेश में तापमान में रिकॉर्ड गिरावट देखी गई। एक ही दिन में अधिकतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि रविवार से नौतपा की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन मौसम सुहावना बना रहा।
सबसे अधिक बारिश करनाल में
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, 24 मई को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में 30 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। करनाल में सर्वाधिक 118 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि कैथल में 78 मिमी, हिसार में 74 मिमी, अंबाला में 43.4 मिमी और नारनौल में 11 मिमी वर्षा हुई।







