फरीदाबाद | यूपी एसटीएफ ने फरीदाबाद के सेक्टर-81 स्थित हाई स्ट्रीट मॉल के पास से आरोपी राजेश को गिरफ्तार किया है। राजेश हापुड़ के मोनाड यूनिवर्सिटी में फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां छाप कर 40 से 50 हजार रुपये में बेचने वाले गिरोह का सदस्य बताया जा रहा है। आरोपी बल्लभगढ़ के मुकेश कॉलोनी का निवासी है।
प्रिंटिंग प्रेस से गिरफ्तार आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11 बजे यूपी एसटीएफ की टीम बल्लभगढ़ पहुंची। राजेश के पास बल्लभगढ़ में ही एक प्रिंटिंग प्रेस था, जहां वह फर्जी दस्तावेज छापता था। इस गिरोह के अन्य सदस्य उसे ऑर्डर देते थे, जिसे वह पूरा करता था। पुलिस ने उसे उसी प्रिंटिंग प्रेस से गिरफ्तार किया।
फर्जी दस्तावेज बरामद
यूपी एसटीएफ के डीएसपी संजीव दीक्षित ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 957 ब्लैंक मार्कशीट, 223 ब्लैंक सर्टिफिकेट, 575 ब्लैंक प्रोविजनल सर्टिफिकेट, 49 तैयार फर्जी मार्कशीट, प्रिंटर, टोनर, कंप्यूटर और मोनोग्राम जैसे उपकरण बरामद हुए हैं।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ में राजेश ने बताया कि वह पलवल निवासी संदीप सहरावत के कहने पर फर्जी दस्तावेज तैयार करता था। 17 मई को वह भारी मात्रा में डिग्रियां लेकर मोनाड यूनिवर्सिटी पहुंचा था, लेकिन एसटीएफ की छापेमारी से पहले वह वहां से फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार इधर-उधर भाग रहा था।
गिरोह के अन्य सदस्य भी गिरफ्तार
यूपी एसटीएफ ने तीन दिन पहले हापुड़ में मोनाड यूनिवर्सिटी में छापेमारी की थी, जहां बड़ी संख्या में फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां बरामद हुई थीं। इस मामले में कुल दस आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जिनमें राजेश भी शामिल है। यूपी एसटीएफ इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और पूछताछ कर रही है।







