झज्जर | झज्जर जिले के दुबल्धन गांव के पास से गुजरने वाली लोहारू फीडर नहर में एक अज्ञात महिला का शव बोरी में बंद अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव को आवारा जानवरों द्वारा नोचे जाने की सूचना पर ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल, झज्जर भिजवाया गया।
बेरी थाना प्रभारी (एसएचओ) सतीश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से उन्हें सूचना मिली थी कि दुबल्धन के निकट नहर में बोरी में बंद एक महिला का शव पड़ा है, जिसे जानवर नुकसान पहुंचा रहे हैं। पुलिस ने तुरंत एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया और मामले की छानबीन शुरू की।
महिला की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने दुबल्धन निवासी राजकुमार की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और शव को 72 घंटे के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल के शवगृह में पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।







