यमुनानगर | यमुनानगर पहुंचे महाभारत में अर्जुन का किरदार निभाने वाले अभिनेता फिरोज खान ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अपने बयान से नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने इस सैन्य अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुनिया में जो कुछ भी हो रहा है, वह कल्पनाओं का हिस्सा लगता है।
फिरोज खान ने कहा, अगर कुछ असल में होता तो जब डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह भारत से ट्रेड बंद कर देगा, तो क्या वाकई व्यापार बंद हुआ? और ऑपरेशन सिंदूर का क्या हुआ? ये सब मुखौटे हैं। असली दुनिया में हमें व्यावहारिक तौर पर जीना पड़ता है।
नफरत फैलाई जाती है, पैदा नहीं होती
अपने बयान में उन्होंने यह भी कहा कि समाज में नफरत पैदा नहीं होती, बल्कि उसे जानबूझकर उगाया जाता है। इसे हम ही मिटा सकते हैं, उन्होंने जोड़ा।
धार्मिक ग्रंथों ने कभी हिंसा नहीं सिखाई
पहलगाम हमले पर पूछे गए सवाल के जवाब में फिरोज खान ने कहा, रामायण और कुरान जैसे किसी भी धार्मिक ग्रंथ में खून बहाने की शिक्षा नहीं दी गई है। जो लोग मासूमों की जान लेते हैं, वे अपने निजी स्वार्थ के लिए ऐसा करते हैं, और उनके कर्मों का हिसाब उन्हें ही देना होगा।
हिंदुस्तान जैसा कोई नहीं
हालांकि, फिरोज खान ने अंत में भारत की सराहना भी की। उन्होंने कहा, मैं दुनिया के कई देशों में गया हूं, लेकिन भारत जैसा देश कोई नहीं है। मैं पिछले 37 वर्षों से इस इंडस्ट्री में हूं, और यहां के लोगों से मुझे बेहिसाब प्रेम मिला है।







