चंडीगढ़ | हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने चरखी दादरी में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता (JE) राजेंद्र सिंह को ड्यूटी में लापरवाही और विद्युत कनेक्शन जारी करने में अनियमितताओं के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। यह कार्रवाई दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड (DHBVN) को हुए आर्थिक नुकसान के मद्देनजर की गई है।
राजेंद्र सिंह चरखी दादरी शहर में एसडीओ (ओपी) के अधीन एएफएम और एरिया इंचार्ज के रूप में कार्यरत थे। ऊर्जा मंत्री के कार्यालय को प्राप्त चार्जशीट और संबंधित विभागीय रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया गया।
चार्जशीट में लगाए गए गंभीर आरोप
चार्जशीट में आरोप है कि कनिष्ठ अभियंता राजेंद्र सिंह ने विद्युत कनेक्शन जारी करने के दौरान अपने कर्तव्यों का पालन नहीं किया और घोर लापरवाही बरती, जिससे निगम को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा। इस रिपोर्ट को चरखी दादरी डिवीजन के कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) ने भिवानी स्थित चीफ इंजीनियर को भेजा था।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मामले की गंभीरता को देखते हुए DHBVN के प्रबंध निदेशक को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए राजेंद्र सिंह को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।







