Home Haryana ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ते भारत-पाक तनाव पर अनिल विज का बयान...

ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ते भारत-पाक तनाव पर अनिल विज का बयान :’अब पाकिस्तान की अक्ल ठिकाने आएगी’

182
0

चंडीगढ़ | भारत द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद नियंत्रण रेखा पर जारी गोलाबारी और बढ़ते तनाव पर हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान को जल्द उसकी औकात का अंदाजा हो जाएगा।” साथ ही उन्होंने अम्बाला में जारी ब्लैकआउट आदेशों पर कहा कि यह जरूरी एहतियात हैं, और बिना जन सहयोग के सुरक्षा तैयारियां अधूरी हैं।

विज ने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकी फैक्ट्रियों की तर्ज पर आतंक फैलाने का काम किया है और अब उसे इसका जवाब उसी की भाषा में मिलेगा। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में दो टूक कहा, “पाकिस्तान का हिंदुस्तान से टकराव आसान नहीं है। भारत ऐसा जवाब देगा जो वह कभी सोच भी नहीं सकता।”

ब्लैकआउट पर लोगों से अपील

अम्बाला में ब्लैकआउट के आदेशों पर विज ने कहा, “सुरक्षा कारणों से सभी को सतर्क रहना होगा। अंधेरे में दुश्मन को पता न चले कि रिहायशी इलाके कहां हैं, इसीलिए इनवर्टर, जनरेटर भी बंद रखें और मोमबत्ती या मशाल जलाकर गलती न करें।”

पंजाब द्वारा पानी रोके जाने पर निशाना

विज ने बीबीएमबी (भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड) को लेकर पंजाब द्वारा पानी रोके जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि “यह देशहित के खिलाफ है। जब देश युद्ध जैसी स्थिति में है, तो सभी राज्यों को एकजुट होकर काम करना चाहिए। यह झगड़े का समय नहीं है।”

जो कहा, वो कर दिखाया”: मोदी की कार्यशैली की तारीफ

प्रधानमंत्री मोदी की रणनीति की तारीफ करते हुए विज ने कहा, “जो उन्होंने कहा, वो कर दिखाया। राम मंदिर बनवाया, तीन तलाक हटाया, अनुच्छेद 370 खत्म किया।” उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों की गलतियों का देश ने दशकों तक खामियाजा भुगता। “लम्हों ने खता की और सदियों ने सजा पाई।”

विज ने अंत में दोहराया कि भारत अब कमजोर नहीं है, और समय आ गया है कि देश की सुरक्षा को सर्वोपरि रखकर जन भागीदारी के साथ हर परिस्थिति का सामना किया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here