रादौर | गांव जठलाना में यमुना नदी में नहाने गए 15 वर्षीय किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक हर्षित अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। नदी में अवैध खनन के चलते बने गहरे कुंड में फिसलने से वह डूब गया।
बताया गया कि हादसे के बाद साथ गए दोस्त डर के मारे बिना किसी को बताए वापस घर लौट गए। जब हर्षित देर शाम तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सोमवार सुबह ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद परिजन यमुना घाट पहुंचे, जहां उन्होंने एक शव तैरता देखा। शिनाख्त के बाद पता चला कि वह शव हर्षित का है।
स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची डायल 112 और जठलाना थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटना की जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया किशोर की मौत गहरे पानी में डूबने से हुई है। परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







