चंडीगढ़ (एकता): हरियाणा में चुनावों से पहले हलचलें होनी शुरू हो गई हैं। दरअसल कांग्रेस पार्टी ने जेजेपी, इनेलो, भाजपा, और आप पार्टी को बड़ा झटका दिया है। मीडिया सूत्रों के अनुसार कांग्रेस पार्टी में तीन पूर्व विधायकों सहित 50 से ज्यादा नेता शामिल हुए हैं। सभी नेताओं ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा, चौधरी उदयभान और राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण की।
जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में पत्रकारों के सामने भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बीजेपी-जेजेपी जनता का ध्यान असली मुद्दों से खींचने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी की सदस्यता खत्म होने के बाद हरियाणा कांग्रेस की तरफ से रविवार को सत्याग्रह किया गया। सभी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ बीजेपी प्रतिशोध की राजनीति कर रही है। बीजेपी कितना भी कोशिशें कर लें वह कांग्रेस पार्टी की आवाज बंद नहीं कर सकती।
जानिए कौन से नेता हुए कांग्रेस में शामिल
कांग्रेस पार्टी में पूर्व विधायक व सोनीपत जेजेपी अध्यक्ष पदम सिंह दहिया, पूर्व विधायक व आम आदमी पार्टी नेता बिजेंद्र कादियान उर्फ बिल्लू और पूर्व विधायक व जेजेपी नेता मूलाराम गुर्जर का नाम शामिल है। रिटायर्ड सेशन जज राकेश यादव, जेजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष ललित बंसल, संजीव बुआना, आप नेता डॉ. कपूर सिंह, करतार सिंह सैनी, बीजेपी युवा मोर्चा के अरविंद शर्मा, बलबीर सिंह पहल, इनेलो के चरण सिंह, दिलबाग संडिल (प्रदेश उपाध्यक्ष, बीजेपी किसान मोर्चा), मंजू चौधरी, कमलेश सैनी (पूर्व चेयरमैन, मार्केट कमेटी, अटेली), अभय सिंह चौधरी, राजकुमार यादव, विशाल प्रताप सैनी, वजिर सिंह माजरा, विनोद तितोरिया (पूर्व एमसी, करनाल) आदि ने कांग्रेस का दामन थामा है।







